न्यूजीलैंड की स्टार क्रिकेटर सूजी बेट्स(Suzie bates) ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है। 37 साल की सूजी बेट्स ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में खेलते हुए एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस मुकाबले में खेलने के साथ ही सूजी बेट्स महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में भारतीय क्रिकेट की महान खिलाड़ी मिताली राज को पीछे छोड़ दिया है।

मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ा

सूजी बेट्स ने मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपना 334वां इंटरनेशनल मैच खेला। मिताली ने अपने करियर में कुल 333 इंटरनेशनल मैच खेले थे। 2006 में 19 साल की उम्र में डेब्यू करने वाली बेट्स ने अब तक 163 वनडे और 171 टी20 मैच खेले हैं। इस उपलब्धि के साथ बेट्स ने महिला क्रिकेट में अपनी स्थायी जगह बना ली है और उन्हें न्यूज़ीलैंड की अब तक की सबसे महान क्रिकेटरों में गिना जा रहा है।

सूजी बेट्स के बाद सबसे ज्यादा मैच खेलने खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। इस सूची में कई और बड़े नाम शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिस पेरी 322 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 316 मैचों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड की दिग्गज क्रिकेटर चार्लोट एडवर्ड्स 309 मैचों के साथ चौथे स्थान पर हैं। बेट्स ने 18 साल के अपने करियर में कई रिकॉर्ड बनाए हैं और उनकी यह उपलब्धि महिला क्रिकेट में एक मील का पत्थर है।

Suzie bates के रिकॉर्ड और योगदान

सूजी बेट्स के नाम महिला टी20 इंटरनेशनल में 4000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी है, जो उन्हें और भी खास बनाता है। उनसे पहले यह कारनामा रोहित शर्मा, विराट कोहली और बाबर आजम जैसे पुरुष क्रिकेटरों ने किया था। इसके अलावा, सूजी बेट्स ने 163 वनडे मैचों में 13 शतक और 34 अर्धशतक के साथ 5718 रन बनाए हैं।

सूजी बेट्स का योगदान सिर्फ उनके रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है। वह हरमनप्रीत कौर, सोफी डिवाइन, एलिस पेरी और स्टेफनी टेलर के साथ उन चुनिंदा क्रिकेटरों में शामिल हैं, जिन्होंने सभी महिला टी20 विश्व कप में भाग लिया है। सूजी बेट्स का यह सफर और उनकी उपलब्धियां उन्हें महिला क्रिकेट की दुनिया में एक प्रेरणा के रूप में स्थापित करती हैं।

ALSO READ : Team India को न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार, कप्तानी और रणनीति पर उठे सवाल